सुबह की ताज़ा खबरें (30 अगस्त, राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस)

◆ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे पाकिस्तान में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई तबाही को देखकर बहुत दुखी हैं। प्रधानमंत्री ने पीड़ितों, घायलों और इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

◆ रूस ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ज़ापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र में तनाव कम करने के लिए यूक्रेन पर दबाव बनाने का आह्वान किया है। रूस ने यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र परमाणु निरीक्षकों की परमाणु संयंत्र की यात्रा से पहले यूरोप को खतरे में डालने का आरोप लगाया।

◆ नासा ने इंजन में आई खराबी की वजह से आर्टेमिस-1 मून मिशन के प्रक्षेपण को स्थगित कर दिया है। अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी आज अपने अत्‍याधुनिक रॉकेट-आर्टेमिस को पहली परीक्षण उड़ान पर भेजने वाली थी।

◆ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गुवाहाटी में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने गुवाहाटी के उजान बाजार क्षेत्र में पार्टी के पूर्वोत्तर कार्यालय पद्मा भवन का उद्घाटन किया।

◆ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि सरकार हर भारतीय को बैंकिंग सेवा का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने नीदरलैंड की महारानी मैक्सिमा के साथ भारत और नीदरलैंड के संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। महारानी मैक्सिमा तीन दिन के भारत दौरे पर हैं।

◆ भारत के प्रधान न्यायाधीश, न्यायमूर्ती उदय उमेश ललित ने कहा है कि उच्चतम न्यायालय मुकदमों को सूचीबद्ध करने के लिए नई प्रणाली तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था एक सितंबर से शुरू हो जाएगी।

◆ वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने एक जिला एक उत्पाद पहल को डिजिटल वाणिज्य केलिए ओपन नेटवर्क के साथ एकीकृत करने का आह्वान किया।

◆ नितिन गडकरी ने कहा- महाराष्ट्र में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, परिवहन की लागत घटेगी।

◆ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने मथुरा की जिला अदालत को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर शाही ईदगाह मस्जिद के वैज्ञानिक सर्वेक्षण से संबंधी याचिका की सुनवाई चार महीने में पूरी करने को कहा है।

◆ भारी बारिश के कारण चमोली ज़िले में मुख्य सड़क बाधित हुई। SDRF ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को बचाया।

◆ उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने हरिद्वार में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में हिस्सा लिया।