सुबह की ताजा खबरें (23 अगस्त,दास व्यापार और उसके उन्मूलन के स्मरण के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस)

◆ भारत ने तीसरे वनडे में जिम्बाब्वे को 13 रनों से हराया। भारत ने 3 मैचों की सीरीज 3-0 से जीती।

◆ 24 अगस्त को चलने वाली दूसरी रामायण यात्रा ट्रेन अब यात्रियों की संख्या कम होने के कारण रद्द कर दी गई है। भारत गौरव के तहत रामायण सीरीज की यह दूसरी ट्रेन थी

◆ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन के रक्षा मंत्रियों की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए आज से ताशकंद-उज़्बेकिस्तान की तीन दिवसीय यात्रा करेंगे।

◆ गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – केन्‍द्र सरकार वामपंथ उग्रवाद को पूरी तरह से समाप्‍त करने के लिए प्रतिबद्ध।

◆ राजस्थान के 15 से अधिक जिलों में तेज बारिश जारी है। कोटा संभाग में बाढ़ जैसी‍ स्थिति उत्‍पन्‍न हो गई है और कई सड़कों पर यातायात अवरूद्ध है। कोटा में चंबल नदी के पास निचले आवासियों क्षेत्रों में जलजमाव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

◆ बांग्लादेश सरकार ने बिजली बचाने के लिए कार्यालयों के कामकाज के समय को पुनर्निर्धारित करने का निर्णय लिया है। सभी सरकारी और निजी कार्यालय सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक काम करेंगे। स्कूलों में 5 दिन का सप्ताह होगा।

◆ बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने शिक्षक भर्ती के सातवें चरण की मांग कर रहे विद्यार्थियों पर पटना में हुई लाठीचार्ज की घटना की निंदा की है। सुशील मोदी ने राज्य में शिक्षकों की नियुक्ति में देरी के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया।

◆ गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं, इससे वामपंथी उग्रवादी हिंसा में काफी कमी आई है। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र, राज्यों के साथ मिलकर वामपंथी उग्रवाद की समस्या को पूरी तरह से समाप्‍त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

◆ भारत ने संकटग्रस्त देश श्रीलंका को 21 हजार टन रासायनिक उर्वरक सौंपे। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त ने औपचारिक रूप से श्रीलंका को विशेष समर्थन के अंतर्गत यह खेप सौंपी है। इससे पहले भारत ने पिछले महीने 44 हजार टन साम्रगी की आपूर्ति की थी।

◆ एशियाई विकास बैंक- एडीबी और केन्‍द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में सुरक्षित पेयजल उपलब्‍ध कराने तथा जल आपूर्ति और स्वच्छता सेवाओं में सुधार के लिए नौ करोड साठ लाख डॉलर से अधिक के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।

◆ निर्वाचन आयोग ने कहा है कि प्रपत्र छह-बी में आधार देना स्वैच्छिक है। आयोग ने कहा है कि आधार नहीं देने के कारण मतदाता सूची से कोई भी प्रवृष्टि हटाई नहीं जायेगी।

◆ उच्चतम न्यायलय ने 2002 के गुजरात दंगों के मामले में गिरफ्तार तीस्ता सीतलवाड़ की अंतरिम जमानत की मांग संबंधी याचिका पर गुजरात सरकार को नोटिस जारी किया। तीस्ता सीतलवाड पर आरोप है उन्होंने गुजरात दंगा मामले में निर्दोष लोगों को फंसाने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाये थे।