नैनीताल: वीकेंड पर कैंची धाम और नैनीताल में उमड़ा श्रद्धालुओं-पर्यटकों का जनसैलाब, पुलिस ने संभाली ट्रैफिक की कमान

​नैनीताल: वीकेंड के मौके पर नैनीताल जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री कैंची धाम समेत नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
​
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

जिस पर स्थिति को नियंत्रण में रखने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस सुबह से ही पूरी तरह मुस्तैद है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीपीयू (CPU) और ट्रैफिक कर्मियों को तैनात किया गया है।
​
शटल सेवा शुरू

श्री कैंची धाम में बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात डायवर्जन और शटल सेवा लागू की है। श्रद्धालुओं को शटल सेवाओं के जरिए कैंची धाम तक पहुंचाया जा रहा है और कतारबद्ध तरीके से अनुशासित रूप से दर्शन कराए जा रहे हैं।

​नैनीताल पुलिस की आम जनता से अपील

यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की है कि दर्शन और यात्रा के दौरान अपनी ही लेन में चलें, कतार न तोड़ें।संकरे पहाड़ी रास्तों पर जल्दबाज़ी और ओवरटेकिंग दुर्घटना या जाम का कारण बन सकती है। ट्रैफिक का दबाव होने पर संयम बरतें और पुलिस कर्मियों के दिशा-निर्देशों का पालन करें। अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क किनारे वाहन पार्क करने से बचें। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यात्रियों का थोड़ा सा सहयोग हज़ारों लोगों की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बना सकता है।