नैनीताल: आस्था के बीच सुरक्षा का अभेद पहरा, पुलिस कप्तान मंजुनाथ टीसी स्वयं मैदान में

नैनीताल: ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध धार्मिक ‘माँ नंदा देवी महोत्सव’ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

पुलिस अलर्ट मोड पर

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने महोत्सव क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान SSP ने मेला कंट्रोल रूम, CCTV कंट्रोल रूम, रूट डायवर्जन पॉइंट्स और अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के कड़े निर्देश दिए।

की पूजा अर्चना

​SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस बल को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी सतर्क और संवेदनशील रहते हुए श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व विनम्र व्यवहार करें, साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एक्शन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सायंकालीन आरती में भाग लेकर माँ नंदा देवी की विधिवत पूजा-अर्चना की और जनपद व प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। नैनीताल पुलिस ने महोत्सव में पहुँचने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस व प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

रहें मौजूद

इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल और प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।