March 29, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

भारतीय नौसेना दिवस: आज विशाखापत्तनम में दिखेगा भारतीय नौसेना का शौर्य, समुद्र में सामरिक ताकत दिखाएंगे जहाज

आज नौसेना दिवस के अवसर पर विशाखापत्तनम में दिखेगा भारतीय नौसेना का शौर्य, समुद्र में सामरिक ताकत दिखाएंगे जहाज। पाकिस्तान के साथ 1971 में युद्ध के दौरान ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ में भारतीय नौसेना की भूमिका और उपलब्धियों को याद करने के लिए भारत हर साल 04 दिसंबर को नौसेना दिवस के रूप में मनाता है।

भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में लेंगी हिस्सा

इस साल पहली बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाहर नौसेना दिवस समारोह मनाया जाएगा। विशाखापत्तनम के समुद्र तट पर होने वाले कार्यक्रम में ‘ऑपरेशनल डेमोंस्ट्रेशन’ होगा। नौसेनाध्यक्ष एडमिरल आर हरि कुमार के नेतृत्व में नौसेना के जहाज, पनडुब्बियां और विमान भारत की समुद्री क्षमता और बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशिष्ट अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम की गवाह बनेंगी।

दो सालों से कोरोना के चलते नहीं हो सका था नौसेना दिवस समारोह

पिछले दो वर्षों में कोरोना के चलते नौसेना दिवस समारोह में भव्य आयोजन नहीं किया जा सका था। लेकिन इस बार एक भव्य शो होने की उम्मीद है। पूर्वी नौसेना कमान (ENC), पश्चिमी नौसेना कमान (WNC) और दक्षिणी नौसेना कमान (SNC) के 15 से अधिक जहाज और 25 से अधिक विमान इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले हैं।

पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी कमान के विशेष बल भी लेंगे हिस्सा

कार्यक्रम में नौसेना की पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी कमान के विशेष बल भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का समापन सूर्यास्त समारोह और लंगरगाह में जहाजों को रोशन करने के साथ होगा। उन्होंने बताया कि नौसेना दिवस समारोह का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति नौसेना के योगदान को उजागर करना है।