नैनीताल: “सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने की कोशिश पड़ी भारी—SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का कड़ा एक्शन, आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाला लालकुआं पुलिस की हिरासत में

नैनीताल: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर कर सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले एक युवक को लालकुआं पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस की कार्यवाही

साथ ही पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार, लालकुआं के गोला गेट निवासी दीपक भारती ने अपनी फेसबुक आईडी से हिंदू समाज के खिलाफ एक आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी। जब हल्दूचौड़ के एक निवासी ने उसे इस पोस्ट को हटाने के लिए कहा, तो आरोपी ने उसके खिलाफ भी अभद्र और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर दी। हालांकि, बाद में उसने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया था।

किया गिरफ्तार

यह मामला सामने आने पर विभिन्न हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए थाना लालकुआं में पुलिस को ज्ञापन सौंपा और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालकुआं और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के निर्देशन में जांच शुरू की गई। जांच के बाद हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी और कांस्टेबल कुबेर राणा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक भारती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी का कड़ा संदेश

जिस पर एसएसपी नैनीताल ने कहा, “सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या समाज में वैमनस्य और अशांति फैलाने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।”