नैनीताल: सावधान: साइबर ठगों का जाल, गैस बुकिंग के नाम पर कुलपति से ठगी, गंवाए ₹1.91 लाख

नैनीताल: मल्लीताल निवासी और रुहेलखंड विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति बीना साह शातिर साइबर ठगों का शिकार हो गई हैं।

साइबर ठगों का जाल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार ठगों ने गैस बुकिंग में आ रही समस्या का समाधान करने के बहाने उनके खाते से 1.91 लाख रुपये उड़ा दिए। वहीं बीते वर्ष अगस्त में भी उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 1.47 करोड़ रुपये की बड़ी चपत लगाई गई थी। ठगी की यह घटना 20 मार्च को शुरू हुई। बीना साह ने अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से इंडेन गैस बुक की थी, लेकिन भुगतान सफल न होने पर उन्होंने पेटीएम के माध्यम से शिकायत करने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर दिया गया और उस पर संपर्क करने को कहा गया। दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद ठगों ने उनसे बात की और सहायता के नाम पर उनका फोन ‘स्क्रीन शेयर’ पर ले लिया। कुछ ही देर में उनके खाते से ₹84,539 और ₹9,999 मोहम्मद फरहान नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए। अगले दिन यानी 21 मार्च को दोबारा झांसे में लेकर ठगों ने ₹96,949 किसी अंजलि के अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए।

जांच कर रही पुलिस

​पीड़िता नैनीताल के गार्डन हाउस में एकाकी जीवन व्यतीत करती हैं। उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 में उन्हें डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर ठगों ने ₹1.47 करोड़ ठग लिए थे। पुलिस ने उस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार तो कर लिया था, लेकिन पीड़िता को आज तक एक रुपया भी वापस नहीं मिल सका है। रिकवरी न होने और दोबारा हुई ठगी ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ कर रख दिया है। मल्लीताल कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी जानकारी साइबर सेल को भेज दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।