नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। बीते कल 23 अप्रैल 2025 को एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने पुलिस लाईन नैनीताल के सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी की।
अधिकारियों व कर्मचारियों का सम्मेलन
जिसमे उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों का सम्मेलन लिया और उनकी समस्याओं से रूबरू होकर समस्याओं के निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही गत माह में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए निम्न निर्देश निर्गत किये।
नाबालिक बच्चों की गुमशुदगी तेजी लाने के निर्देश
सभी सम्बन्धितों को निर्देशित किया कि नाबालिक बच्चों की गुमशुदगी मामलों को प्राथमिकता के आधार लिया जाय, इसे सभी अपनी जिम्मेदारी समझे तथा ऐसे मामलों को गम्भीरता से लेकर बरामदगी के प्रयास करें।
पुलिसिंग करें दुरूस्त
सभी अधिकारी/कर्मचारी पुलिसिंग दुरूस्त करें, तथा मफरूर अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु सुरागरसी/पतारसी को मजबूत करें, इसके अतिरिक्त प्रत्येक थाना अपने क्षेत्र के वांछित अपराधियों की सूची तैयार कर कार्यवाही करें, साथ ही पुलिस को प्राप्त होने वाली गुप्त सूचनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर ईनाम घोषित करने की प्रक्रिया अपनाते हुए गिरफ्तारी के प्रयास किये जाय। वारंट तामील में शिथिलता पर जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्यवाही की जाए।
ऑपरेशन सेनेटाईज के अन्तर्गत कार्यवाही
सभी प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में बिना सत्यापन तथा अवैध रूप से निवास कर रहे लोगों के विरूद्ध ऑपरेशन सेनेटाईज के अन्तर्गत चैकिंग अभियान चलाकर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात प्रबन्धन व प्रमुख मार्गों में जाम की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने व ट्रैफिक ड्यूटी में लगे/अन्य कर्मचारियों को पर्यटकों के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश।
शिकायतों/लंबित विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण
आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें जिससे जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो तथा लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करें।
चोरी व चैन स्नेचिंग मामलों में त्वरित कार्यवाही के निर्देश
साथ ही चेन स्नेचिंग तथा घरों में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में गश्त तथा चौकसी बरतने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा युवाओं को नशे से बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साईबर ठगी के मामलों को गंभीरता से कार्यवाही करें। सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। गोष्ठी के दौरान एसएसपी नैनीताल द्वारा अपराधों से निपटने हेतु नई रणनीति बनाने पर भी विचार विमर्श किया गया। एसएसपी ने कहा कि अपराध अव्यवस्था या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से निर्देशित किया कि स्थिति को सुधारने हेतु तत्परता से कार्य करें।
रहें मौजूद
इस मौके पर एसपी क्राईम / यातायात नैनीताल डॉ0 जगदीश चंद्र, सीओ सिटी हल्द्वानी नितिन लोहनी, सीओ नैनीताल प्रमोद साह, सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल, सीओ रामनगर सुमित पाण्डेय, निरीक्षक एलआईयू जितेन्द्र कुमार उप्रेती,आर0 आई0 रेडियो राजकुमार बिष्ट सहित सभी थाना/चौकी/शाखा/ यातायात/ सीपीयू प्रभारी एवम अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।