नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जिले के भवाली में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में देश दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद
ऐसे में अब यहां आने वाले पर्यटकों को मैदानों से नैनीताल, कैंचीधाम और भीमताल पहुंचने में आसानी हो इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशों पर खास कदम उठाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए एक निजी कंपनी ने रोपवे का सर्वे शुरू कर दिया है। इसके लिए नैनीताल के रानीबाग में पहला स्टेशन और दूसरा भीमताल में लगाने का सर्वे चल रहा है। इसके बाद, भीमताल से भवाली और फिर भवाली से नैनीताल और कैंचीं धाम तक रोप वे चलाने की संभावनाएं सर्वे के माध्यम से खोजी जा रही हैं
सर्वे शुरू
इस संबंध में रोपवे कंपनी के सुपरवाइजर मयंक श्रीवास्तव ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को लेकर एजेंसी ने भीमताल से सर्वे का काम शुरू कर दिया है। लगभग 35 किलोमीटर लम्बी इस प्रस्तावित रोपवे लाइन में लगभग पाँच स्टेशन बनाए जाने हैं. ये स्टेशन रानीबाग, भीमताल, भवाली, नैनीताल और कैंची धाम में होंगे। अभी रोपवे परियोजना में एजेंसी ने भीमताल के सिडकुल में आधुनिक मशीनों के माध्यम से सर्वे का काम शुरू कर दिया है।