नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जिले के भवाली में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
देश दुनिया से बड़ी संख्या में यहां बाबा के भक्त पंहुचते है। वहीं अब इस कैंची धाम के लिए उत्तराखंड की धामी सरकार खास योजना की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पहल के तहत श्रद्धालु हल्द्वानी से हवाई सफर के माध्यम से सीधे कैंची धाम पहुंच सकेंगे। दरअसल हल्द्वानी से अल्मोड़ा के लिए हेली सेवा शुरू हो गई है। इसके तहत अब यहां भी सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
दी यह जानकारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में कुछ दिनों पहले हेरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के बेस मैनेजर रवींद्र सिंह ने जानकारी दी। जिस पर उन्होंने बताया कि कैंची धाम को लेकर सबसे अधिक डिमांड आ रही हैं। जिला प्रशासन से कैंची में हेलीपैड की जगह मांगी गई है। मंजूरी मिलते ही शटल सेवा की तरह हवाई यात्रियों को सिर्फ तीन मिनट के हवाई सफर से कैंची धाम के दर्शन कराने की योजना है। इस नए हवाई रूट का किराया 1000 रुपये के आसपास हो सकता है। इस संबंध में कंपनी प्रबंधन और प्रदेश सरकार के बीच वार्ता में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।