नैनीताल: नैनीताल में पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उन्हें मानसिक तनाव से मुक्त रखने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है।
खास पहल
जिसमें एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे “फिट पुलिस – स्वस्थ पुलिस” अभियान के तहत रविवार, 10 मई 2026 को कोतवाली कालाढूंगी में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में आयोजित इस सत्र में योगाचार्य दीपक सैनी ने पुलिसकर्मियों को योगाभ्यास कराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी में होने वाले तनाव और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग के महत्व को समझाया। साथ ही योगाचार्य ने बताया कि नियमित योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति भी मिलती है, जो बेहतर पुलिसिंग के लिए अनिवार्य है।योग और व्यायाम के माध्यम से पुलिसकर्मी अधिक ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ अपने सार्वजनिक दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
बेहतर जनसेवा के लिए फिटनेस जरूरी: एसएसपी
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि जनपद पुलिस को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के लिए ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे। उनका मानना है कि एक स्वस्थ पुलिसकर्मी ही बेहतर तरीके से जनसेवा कर सकता है।
नैनीताल: ‘फिट पुलिस–स्वस्थ पुलिस’: एसएसपी के निर्देश पर खास अभियान शुरू, पुलिसकर्मियों ने सीखे योग के गुर