भवाली/नैनीताल: विश्वप्रसिद्ध कैंची धाम में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उसके कारण लगने वाले भारी यातायात जाम से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।
दिए जरूरी निर्देश
इसी क्रम में बीते सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने निर्माणाधीन भवाली-सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को शेष बचे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने रातीघाट में अल्मोड़ा हाईवे से बाईपास मार्ग को जोड़ने वाले निर्माणाधीन वैली ब्रिज का विशेष रूप से जायजा लिया। आयुक्त ने अधिकारियों को हिदायत दी कि नवनिर्मित रातीघाट मार्ग पर समतलीकरण, साइनेज और सुरक्षा मानकों से जुड़े तमाम कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
अंतिम चरण में कार्य
जिस पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि वैली ब्रिज का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। अगले तीन दिनों के भीतर इस ब्रिज का काम पूरी तरह संपन्न कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद सुरक्षा परीक्षण कर इस मार्ग को आम जनता और वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।