नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। भारत सरकार के माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के आगामी 21 मार्च, 2026 को प्रस्तावित जनपद नैनीताल भ्रमण को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल, डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कमर कस ली है। उन्होंने स्वयं कार्यक्रम स्थल, रूट और पार्किंग व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा के लिए ‘जीरो चूक’ की नीति
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी भ्रमण के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक अक्षम्य होगी। ड्यूटी में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
सुरक्षा एवं यातायात के कड़े इंतजाम
बैठक में सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर कार्ययोजना तैयार की गई।
• त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा: कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर कड़ा पहरा रहेगा। बम निरोधक दस्ता (BDS) और सघन चेकिंग के लिए DFMD का उपयोग किया जाएगा।
• जीरो जोन और रूट डायवर्जन: वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान चुनिंदा मार्गों को ‘जीरो जोन’ घोषित किया जाएगा। आम जनता की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू होगा और पार्किंग स्थलों पर बड़े साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
• सोशल मीडिया पर नजर: एलआईयू (LIU) और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को संदिग्ध गतिविधियों और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति के लिए क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) अलर्ट मोड पर रहेंगी।
• एंटी-सबोटाज चेक: कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्रों में वाहनों और संदिग्ध सामानों की गहन जांच सुनिश्चित की जाएगी।
रहें मौजूद
इस महत्वपूर्ण गोष्ठी के दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल सहित हल्द्वानी, रामनगर और नैनीताल के क्षेत्राधिकारी (CO) और थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ इस गरिमामय कार्यक्रम को सुरक्षित संपन्न कराने की हिदायत दी है।