एसएसपी के निर्देशन में नैनीताल पुलिस का कड़ा प्रहार: नशा तस्करों की अवैध संपत्ति जब्त, लग्जरी कार पर चला कानून का डंडा

नैनीताल: नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने न केवल तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है, बल्कि अपराध से अर्जित उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसी क्रम में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में अभियुक्त की अवैध रूप से खरीदी गई अर्टिगा कार को जब्त कर लिया गया है।

​जानें क्या है पूरा मामला

​थाना हल्द्वानी में पंजीकृत मु०अ०सं०– 359/2025 (धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम) के तहत अभियुक्त नारायण दत्त परगाई (निवासी मुक्तेश्वर) के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना अधिकारी उप-निरीक्षक भुवन सिंह राणा द्वारा मामले की छानबीन के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।

फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन में खुला राज

​पुलिस द्वारा की गई वित्तीय विवेचना के दौरान अभियुक्त के पुत्र सुरेश परगाई के नाम पर पंजीकृत तीन वाहन प्रकाश में आए।
• अर्टिगा कार (UK04TB-5931): पंजीकरण मार्च 2024।
• ​होंडा मोटरसाइकिल (UK04Z-3013): दिसंबर 2018।
• ​हीरो मोटरसाइकिल (UK04AA-6853): अगस्त 2018

दिए यह आदेश

​जांच के दौरान अभियुक्त इन वाहनों को खरीदने के लिए अपनी वैध आय का कोई संतोषजनक स्रोत प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस को अंदेशा है कि ये वाहन नशे के काले कारोबार से अर्जित धन से खरीदे गए थे। विवेचना के आधार पर पुलिस ने इन संपत्तियों को फ्रीज करने हेतु सक्षम प्राधिकारी (SAFEMA/NDPS Act, नई दिल्ली) को रिपोर्ट भेजी थी। 24 मार्च 2026 को सक्षम प्राधिकारी ने आदेश पारित करते हुए वाहन संख्या UK04TB-5931 (अर्टिगा कार) को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-B(g) के तहत ‘अवैध रूप से अर्जित संपत्ति’ माना। धारा 68-F(1) के अंतर्गत उक्त वाहन को तत्काल जब्त करने के आदेश दिए गए हैं।

अपराधियों को सख्त संदेश

​एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए उनकी चल-अचल संपत्तियों की भी जांच कर रही है।