नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। सुरक्षा की कठिन जिम्मेदारियों और ड्यूटी की व्यस्तताओं के बीच, नैनीताल पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने बीते कल आपसी सौहार्द के साथ रंगों का पावन पर्व होली मनाया।
होली का आयोजन
एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में अनुशासन और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्सव की शुरुआत एसएसपी आवास पर महिला पुलिस कर्मियों और पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा मंगल गीतों और सामूहिक नृत्य के साथ हुई। इस अवसर पर कमिश्नर कुमाऊं दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
एसएसपी की अनूठी पहल
एसएसपी नैनीताल ने स्वयं कमान संभालते हुए पुलिस टोली के साथ जिलाधिकारी, आईजी और कमिश्नर आवास पहुंचकर आला अधिकारियों को रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद हल्द्वानी कैंप कार्यालय में ढोल की थाप पर एसएसपी और अन्य अधिकारियों ने जवानों के साथ थिरककर ड्यूटी की थकान मिटाई। वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रत्येक जवान को गुलाल लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार ने मिष्ठान, विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का लुफ्त उठाया।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं
सांस्कृतिक रंग:–पारंपरिक होली गीतों पर पुलिसकर्मियों का उत्साहपूर्ण नृत्य।
अनुशासन:- उल्लास के बीच भी पुलिस बल का अनुशासन और मर्यादा मिसाल बनी रही।
सौहार्द:- ऊंच-नीच और पद का भेद मिटाकर सभी एक-दूसरे के रंग में रंगे नजर आए।
रहें उपस्थित
इस भव्य आयोजन में डॉ० जगदीश चंद्र (एसपी नगर), मनोज कत्याल (एसपी हल्द्वानी), रेवाधर मठपाल (एसपी संचार), रविकांत सेमवाल (सीओ नैनीताल), अमित कुमार (सीओ हल्द्वानी), सुमित पाण्डेय (सीओ रामनगर) सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी और थाना/शाखा/इकाई प्रभारी, मीडिया बंधु तथा पुलिस कर्मी एवं परिजन उपस्थित रहे।