नैनीताल: धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पुलिस परिवार की एकजुटता के संगम के बीच शुक्रवार 04 सितंबर की संध्या को रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत भव्यता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन
इस मौके पर नैनीताल पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल व माननीय न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदित कुकरेती, नैनीताल विधायक सरिता आर्या तथा एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुलिस गार्ड, मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
स्टार नाइट शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आयोजन का मुख्य आकर्षण ‘स्टार नाइट शो’ रहा। इसमें जी टीवी फेम गायिका वैशाली, लोकप्रिय लोक गायक नीरज चुफाल, अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश और दिल्ली के ‘विशाल डांस एंड क्रू’ ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस आयोजन का नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे 1 लाख से अधिक लोगों ने देखा।
झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
जनपद के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और फायर स्टेशनों द्वारा भगवान श्री कृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित आकर्षक सजीव झांकियां सजाई गईं, जिनकी अतिथियों ने सराहना की। मध्य रात्रि में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. व अन्य अधिकारियों ने सपरिवार विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भजन-कीर्तन में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों और बच्चों को उपहार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।