केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन तरीके में बड़ा बदलाव करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
दिए यह संकेत
जिस पर बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नया सर्कुलर जारी कर स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अब उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में रटे-रटाए जवाबों के बजाय छात्रों की वैचारिक समझ, तार्किक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को प्राथमिकता दी जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सर्कुलर के मुताबिक, सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक अर्थपूर्ण बनाना चाहता है ताकि यह आकलन किया जा सके कि विद्यार्थी ने विषय को वास्तव में कितना समझा है। यह बदलाव खासतौर पर 2027 में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
किया स्पष्ट
सिटी कोऑर्डिनेटर सुमंत कुमार के अनुसार, यह मूल्यांकन ढांचा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस सर्कुलर के जरिए मौजूदा परीक्षा पैटर्न में तत्काल किसी बदलाव की घोषणा नहीं की गई है। प्रस्तावित मूल्यांकन नीति की आगे की रूपरेखा तैयार करने के लिए 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में सीबीएसई का 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। छात्र विषयवार विस्तृत समय-सारणी और अन्य अपडेट्स सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट www.cbse.gov.in पर देख सकते हैं।
10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल
• 10वीं बोर्ड परीक्षा: 16 फरवरी से 9 मार्च तक (83 विषयों के लिए)
• 12वीं बोर्ड परीक्षा: 16 फरवरी से 9 अप्रैल तक (121 विषयों के लिए)
• परीक्षा का समय: सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी।