छावला गैंगरेप केस: उत्तराखंड ने बुलंद की आवाज, गढ़वाल की बेटी को मिलेगा इंसाफ, बरी हुए तीन आरोपियों की बढ़ी चिंता

उत्तराखंड की बेटी किरन नेगी को इंसाफ देने के लिए उत्तराखंड ने अपनी आवाज बुलंद कर दी है। लोगों ने कहा कि पहाड़ की बेटी के गुनाहगार बख्शे नहीं जाएंगे।

उत्तराखंड की बेटी को मिलेगा इंसाफ

दरअसल बीते दिनों छावला गैंगरेप मर्डर केस के तीनों आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट ने बरी कर दिया था। इस मामले में निचली अदालत और दिल्ली हाईकोर्ट ने तीनों आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी। दोषियों ने इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए आरोपियों को निर्दोष ठहराया था। इस फैसले को लेकर सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं, देशभर में गुस्से की लहर देखी गई। पहाड़ की बेटी किरन नेगी को इंसाफ दिलाने के लिए जोर-शोर से आवाज उठी और जमकर प्रदर्शन हुए।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने दिलाया भरोसा

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उत्तराखंड की बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए पुरजोर कोशिशें शुरू कर दी थीं और अब उनके प्रयास रंग लाते दिख रहे हैं। इस मामले में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आरोपियों को बरी किए जाने के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल करने को मंजूरी दे दी है। मामले में सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी को नियुक्त करने की मंजूरी भी प्रदान की गई है। जिस पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली स्थित उत्तराखंड भवन में किरन नेगी के माता-पिता से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने किरन नेगी के माता-पिता को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है।

जानें दिल्ली छावला गैंगरेप की खौफनाक घटना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक निर्भया की ही तरह इस मासूम का नाम भी बदलकर अनामिका रखा गया था। वह मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली थी। दिल्ली में वह छावला के कुतुब विहार में रहती थी। 9 फरवरी 2012 को आम दिन की तरह अनामिका अपने काम से खाली होकर घर की ओर जा रही थी। तभी रास्ते में राहुल, रवि और विनोद नाम के तीनों आरोपियों ने लड़की को अगवा कर लिया। आरोपियों ने युवती संग गैंगरेप किया और इस दौरान हैवानियत की सभी हदें पार कर दीं। कार में रखे औजारों से उसे बुरी तरह पीटा, निजी अंग के साथ बर्बरता की और शरीर को सिगरेट से दागा। इसके बाद आरोपियों ने लड़की की आंखों में तेजाब डालकर उसे मार डाला। पुलिस ने इस मामले में राहुल, रवि और विनोद नाम के तीन लोगों को गिरफ़्तार किया था। इनकी पूछताछ के बाद पुलिस ने 14 फरवरी को दिल्ली से सटे हरियाणा के रेवाड़ी के एक खेत में से युवती की लाश बरामद की थी। पुलिस के अनुसार लाश बहुत ही बुरी हालत में थी।