उत्तराखंड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के अभिमन्यु ईश्वरन का बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम में चयन हुआ है।
रोहित शर्मा की जगह टेस्ट टीम में शामिल हुए अभिमन्यु ईश्वरन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड के 27 वर्षीय स्टाइलिश ओपनर बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन का भारतीय टेस्ट टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार व खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के कारण बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अभिमन्यु ईश्वरन को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। अभिमन्यु ईश्वरन बल्लेबाजी के अलावा लेग ब्रेक गेंदबाजी करते हैं। 27 वर्षीय अभिमन्यु ने मात्र सात वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। प्रथम श्रेणी में उनका एवरेज 44 से अधिक है।
जानें कौन है अभिमन्यु ईश्वरन
अभिमन्यु का पूरा नाम अभिमन्यु रंगननाथनपरमेश्वरन ईश्वरन है। उनका जन्म 6 सितंबर 1995 में उत्तराखंड के देहरादून में हुआ था। अभिमन्यु घरेलू क्रिकेट में बंगाल टीम के लिए खेलते हैं। अभिमन्यु के पिता आरपी ईश्वरन सीए हैं। बेटे के क्रिकेट प्रेम को देखते हुए आरपी ईश्वरन ने कई साल पहले पुरकुल गांव में अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी की स्थापना की थी। इसी एकेडमी में अभिमन्यु ने भी क्रिकेट सीखा है।