बागेश्वर: बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने कल 27 जुलाई (सोमवार) को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
आदेश जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को बागेश्वर जिले में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और अति तीव्र से अति तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मौसम की चेतावनी और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (बागेश्वर) की अध्यक्ष अपूर्वा पाण्डे ने अवकाश का आधिकारिक आदेश जारी किया है। जिसमें जिले के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालय (कक्षा 01 से 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्र 27 जुलाई 2026 को पूर्णतः बंद रहेंगे।