यात्रियों को मिलेगी राहत, आज से नैनीताल से बागेश्वर के लिए सीधी बस सेवा की हुई शुरूआत

बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की ओर से नैनीताल से बागेश्वर के लिए सीधी बस सेवा की शुरुआत कर दी गई है।

कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में मिलेगी राहत

जानकारी के अनुसार नैनीताल से बागेश्वर के लिए केमू बस सेवा आज गुरुवार से संचालित होगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। इससे यात्री नैनीताल से बस में सवार होकर अल्मोड़ा, सोमेश्वर और गिरेछिना जैसे शहरों और कस्बों से होते हुए बागेश्वर तक पहुंच सकेंगे। जानकारी के अनुसार, बस प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे नैनीताल से प्रस्थान करेगी और शाम को लगभग 4.30 बजे बागेश्वर पहुंचेगी। इस संबंध में अधिशासी निदेशक केएमओयू हिम्मत सिंह ने बताया कि बस हल्द्वानी से पहले दिन नैनीताल पहुंचेगी। दूसरे दिन नैनीताल से अल्मोड़ा, सोमेश्वर, गिरेछिना होते हुए बागेश्वर जाएगी।