प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अमल पुष्प ने कुमाऊँ मंडल के हितधारकों एवं टैक्स बार एसोसिएशन के साथ किया संवाद कार्यक्रम, साझा की जानकारी

दिलाया भरोसा- पारदर्शिता, सरलता और करदाताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा विभाग

हल्द्वानी/लखनऊ: उत्तर प्रदेश पूर्वी लखनऊ स्थित प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अमल पुष्प ने बीते कल गुरुवार को कुमाऊँ मंडल के हितधारकों, करदाताओं एवं टैक्स बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

विस्तार से रखी यह समस्याएं

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आयकर विभाग और करदाताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, कर-अनुपालन (Tax Compliance) को बढ़ावा देना तथा वर्तमान आयकर प्रणाली से जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर चर्चा करना था। इस बैठक के दौरान टैक्स प्रोफेशनल्स ने आयकर रिटर्न, नोटिस, मूल्यांकन प्रक्रिया, पोर्टल संबंधी समस्याएँ तथा करदाताओं को आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को विस्तार से रखा।

साझा की यह जानकारी

जिस पर अमल पुष्प ने भरोसा दिलाया कि विभाग पारदर्शिता, सरलता और करदाताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग का उद्देश्य “सहज कर प्रणाली एवं करदाताओं के लिए सुविधाजनक वातावरण” उपलब्ध कराना है।विभागीय अधिकारियों ने भी संवाद के दौरान आयकर प्रक्रियाओं में किए गए हालिया सुधारों, डिजिटल सेवाओं एवं कर-अनुपालन को और सुगम बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी साझा की।

रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन की सक्रिय भागीदारी

इस कार्यक्रम में रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन ने प्रमुख रूप से भागीदारी दर्ज की। एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष: पूरन चंद्र पांडे, उपाध्यक्ष: प्रबल बंसल , फिरोज़ अंसारी , उपसचिव: मनु अग्रवाल , सदस्य: भोपाल सिंह, मनोज  बिष्ट, शोभित अग्रवाल व इसके अलावा सीए एसोसिएशन से सीए हर्ष मित्तल भी उपस्थित रहे।

एक महत्वपूर्ण कदम

कार्यक्रम के दौरान आयकर रिफंड, अपील प्रक्रिया, पोर्टल समस्याएँ तथा करदाताओं की सुविधा से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। टैक्स प्रोफेशनल्स द्वारा रखे गए सुझावों पर विभाग ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह संवाद कार्यक्रम करदाताओं एवं विभाग के बीच संवाद को मजबूत बनाने तथा बेहतर कर-प्रशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।