रामनगर से जुड़ी खबर सामने आई है। रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीते कल बुधवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग (CGST) कार्यालय, रामनगर में सुपरिटेंडेंट से शिष्टाचार भेंट कर जीएसटी से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
इन समस्याओं को उठाया
जिस पर प्रतिनिधिमंडल ने विभाग द्वारा जारी की जा रही कम्पोज़िशन (Composition) श्रेणी से संबंधित नोटिसों तथा व्यापारियों को दैनिक कार्यों में आ रही कठिनाइयों से सुपरिटेंडेंट को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तकनीकी खामियों, पोर्टल संबंधी समस्याओं तथा नोटिसों की जटिल प्रक्रिया के कारण छोटे और मध्यम व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुपरिटेंडेंट ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उठाई गई समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग करदाताओं की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है और व्यावहारिक कठिनाइयों को कम करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि विभाग के सहयोग से व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और जीएसटी अनुपालन की प्रक्रिया और अधिक सरल बनेगी।
रहें उपस्थित
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे ने किया। इस दौरान सचिव गौरव गोला, उप सचिव मनु अग्रवाल तथा प्रेस प्रवक्ता गुलरेज़ रज़ा, संजीव अग्रवाल, फैजूल हक़ सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।