रानीखेत: सोमनाथ मैदान में शौर्य का शंखनाद: ‘अंतिम पग’ पार कर भारतीय सेना का हिस्सा बने 1170 अग्निवीर

रानीखेत (अल्मोड़ा): कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर (KRC) के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में आज देशप्रेम और जोश का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला।

अग्निवीरों ने ली शपथ

जब छह महीने के कठिन और कड़े सैन्य प्रशिक्षण को पूरा करने के बाद, कुल 1170 अग्निवीर देश रक्षा की शपथ लेकर आधिकारिक तौर पर भारतीय सेना का हिस्सा बने। जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विभिन्न धर्म गुरुओं ने सभी 1170 अग्निवीरों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और बहादुरी से देश की सीमाओं की रक्षा करने की शपथ दिलाई। कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने परेड की सलामी ली और नए सैनिकों व उनके परिवारों को बधाई दी।

‘भारत माता की जय’ के गूंजें नारे

​इस समारोह की शुरुआत में, कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर में प्रशिक्षित ये जांबाज अग्निवीर जब पारंपरिक बहादुरगढ़ द्वार से कदमताल करते हुए सोमनाथ मैदान की ओर बढ़े, तो पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। परेड ग्राउंड में मौजूद उनके माता-पिता, अभिभावकों और अन्य गणमान्य लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ देश के इन नए रक्षकों का उत्साहवर्धन किया।