पीएम नरेंद्र मोदी का ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम, उत्तराखंड के इस गांव के छात्र रोहन ने पीएम से किया सीधा संवाद, भेंट की यह खास चीज

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते कल शुक्रवार को परीक्षा पे चर्चा के 9वें सीजन में विद्यार्थियों से बातचीत की।

किया सीधा संवाद

इस खास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मौके पर उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग के जखोली विकासखंड के पालाकुराली गांव के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 9 के छात्र रोहन सिंह राणा ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद किया। देशभर से भेजे गए हजारों वीडियो संदेशों में से रोहन का चयन किया गया। इस बारे में विद्यालय के विज्ञान शिक्षक अश्विनी गौड़ ने उन्हें जानकारी दी, जिसके बाद रोहन ने अपना वीडियो रिकॉर्ड कर भेजा था।

भेंट की रिंगाल से बने हस्तशिल्प

इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्रों से परीक्षा को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और तनाव से दूर रहने की अपील की। भेंट स्वरूप रोहन ने पीएम नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड की पारंपरिक पहचान से जुड़े रिंगाल से बने हस्तशिल्प, अर्सा और बुखणा भेंट किए। इसके साथ ही शिक्षक अश्विनी गौड़ द्वारा लिखित एक पुस्तक भी दी।