रुद्रप्रयाग: आगामी धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
पुलिस अलर्ट मोड पर
इसी सिलसिले में सोनप्रयाग पुलिस ने त्रियुगीनारायण बाजार में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। एसएचओ सोनप्रयाग सुरेश चंद्र बलूनी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में एसआई महेश रावत समेत क्षेत्र के कई गणमान्य व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकना था। पुलिस टीम ने व्यापारियों को त्योहार के मद्देनजर निम्नलिखित विशेष सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। जिसमें पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। दुकानों में आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों और ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित दूरी पर रखा जाए। दुकानों में विद्युत उपकरणों और वायरिंग की समय पर जांच कर ली जाए ताकि शॉर्ट सर्किट का खतरा न रहे। आग लगने या किसी भी अन्य आपात स्थिति में तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित करें।
संदिग्ध गतिविधियों पर रखें नजर
पुलिस ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारी सीजन में आपसी सौहार्द और समन्वय बनाए रखें। साथ ही, बाजार क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन के इस कदम से क्षेत्र में सुरक्षा और शांति का माहौल बना हुआ है।