रूद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: नवंबर के पहले सप्ताह में दौरा प्रस्तावित, अलर्ट मोड पर प्रशासन

​उत्तराखंड: महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है।

तैयारियां तेज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों के सिलसिले में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने खुद श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर वहां की मौजूदा व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का स्थल निरीक्षण किया।
​धाम से लौटने के बाद बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के भ्रमण से जुड़ी व्यवस्थाओं के सफल और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम को सुचारू बनाने के साथ-साथ आम श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

रहें मौजूद

​बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत और जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।