रुद्रप्रयाग: हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों, वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई।
गूंजे भोलेबाबा के जयकारे
जानकारी के अनुसार उत्सव डोली के गद्दी स्थल पहुंचने के साथ ही केदारनाथ धाम की शीतकालीन पूजा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में विधि-विधान और परंपरा के अनुसार बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना विधिवत शुरू हो जाएगी। इस पावन अवसर पर उमड़े हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया, जिससे पूरा क्षेत्र ‘बम-बम भोले’ और केदारनाथ के जयकारों से गुंजाइश रहा।
संपन्न होगी पूजा
शुक्रवार को उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। परंपरा के मुताबिक डोली को शीतकालीन गद्दी स्थल पर स्थापित किया गया। इस दौरान केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, मंदिर के पुजारी, वेदपाठी, हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे। डोली के विराजमान होते ही शीतकालीन पूजा-अर्चना का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदारनाथ की शीतकालीन पूजा शुरू होने के बाद, आगामी छह माह तक उनकी आराधना यहीं से संपन्न होगी।