उत्तराखंड में छात्र संघ चुनाव आज, एक लाख से अधिक छात्र चुनेंगे नए प्रतिनिधि, छात्राओं के लिए 50% सीटें आरक्षित

​उत्तराखंड: उत्तराखंड में राजकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में आज मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव होने वाले हैं। प्रदेश भर के 119 राजकीय महाविद्यालयों, 14 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों और 3 विश्वविद्यालय परिसरों में छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान होगा।

आज मतदान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुबह से ही सभी परिसरों और कॉलेजों में मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दोपहर बाद वोटों की गिनती (मतगणना) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकांश महाविद्यालयों में शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि, अधिक छात्र संख्या वाले देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज और हल्द्वानी के एमबी पीजी कॉलेज में परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम

​इस बार के चुनावों में मतदाताओं का आंकड़ा 1 लाख के पार पहुंच गया है। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय और कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में 80,000 से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। 14 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों में 25,000 से अधिक छात्र मतदाता हैं। इस बार छात्र संघ चुनाव में छात्राओं के लिए 50% सीटें आरक्षित की गई हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। वहीं अधिकतर स्थानों पर देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।