अल्मोड़ा दुखद: कुदरत का कहर, भारी बारिश से मकान ढहा, दो महिलाओं और मासूम बच्चे समेत 3 की मौत, भूस्खलन का खतरा बरकरार

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां हवालबाग ब्लॉक के अंतर्गत वडूय्या गांव में मंगलवार तड़के हुई भारी बारिश आफत बनकर टूटी। लगातार हो रही बारिश की वजह से एक मकान अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में घर के अंदर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दबने से मौत हो गई।

तीन लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार तड़के उस वक्त हुआ जब परिवार के सदस्य अपने घर के अंदर सो रहे थे। अचानक मकान का ढांचा गिर जाने से किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF), राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से भारी मशक्कत के बाद तीनों शवों को मलबे से बाहर निकाला। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।