रूद्रप्रयाग: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सोमवार को रुद्रप्रयाग में चारधाम सड़क परियोजना के तहत निर्मित अत्याधुनिक पुल एवं सुरंग मार्ग का निरीक्षण किया।
किया निरीक्षण
इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए बताया कि इस मार्ग पर ट्रायल के आधार पर आवागमन शुरू कर दिया गया है और जल्द ही इसका विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। जानकारी के अनुसार जिसमें लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत अलकनंदा नदी पर 200 मीटर लंबा पुल और 900.30 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है। पुल, सुरंग और संपर्क मार्ग को मिलाकर इस पूरी परियोजना की कुल लंबाई करीब 1.18 किलोमीटर है। यह मार्ग केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-107) को सीधे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) से जोड़ता है।
जाम से मिलेगी मुक्ति
इस मार्ग पर नियमित यातायात शुरू होने से केदारनाथ और बदरीनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को अब रुद्रप्रयाग बाजार के बीच से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे चारधाम यात्रा के दौरान नगर में वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी भीषण ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे ढलान सुरक्षा एवं स्थिरीकरण कार्यों की भी जानकारी ली।
इस अभियान की सराहना
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जिला प्रशासन की अनूठी पहल ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान के तहत स्थापित संगम लाइब्रेरी का भी अवलोकन किया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने खुद भी इस अभियान में 150 पुस्तकें दान कर अपना योगदान दिया।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, चंडी प्रसाद भट्ट, ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत सहित कई गणमान्य लोग एवं अधिकारी उपस्थित रहे।