अल्मोड़ा के जोशीखोला में दो गुलदारों की दस्तक, लोगों में दहशत, वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग

​अल्मोड़ा: जिला मुख्यालय समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों गुलदारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन रिहायशी इलाकों में एक से अधिक गुलदार चहलकदमी करते नजर आ रहे हैं। जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

गुलदार का आतंक

जानकारी के अनुसार मामला नगर के जोशीखोला मोहल्ले का है। जहाँ रविवार रात एक साथ दो गुलदारों के घुस आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, रविवार रात दोनों गुलदार एक घर की छत पर पहुंच गए और काफी देर तक गुर्राते रहे। अचानक गुलदारों की गुर्राहट सुनकर आसपास के लोग सहम गए। दहशत के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले और पूरी रात खौफ के साए में बिताने को मजबूर हुए। मोहल्ले के लोगों ने शोर मचाकर गुलदारों को भगाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे काफी देर तक छत पर ही डटे रहे। बाद में दोनों गुलदार पास के जंगल की ओर चले गए।

​पिंजरा लगाने की मांग

​क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मोहल्ले में लगातार गुलदारों की आवाजाही देखी जा रही है। कई बार ये सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाया जाए ताकि गुलदारों को पकड़ा जा सके। रात के समय प्रभावित इलाकों में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए।
​