उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (10 अप्रैल, रविवार , चैत्र शुक्ल , पक्ष , नवमी , वि. सं. 2079)

Ten

◆ मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में प्रदेशभर में तापमान में वृद्धि की संभावना व्यक्त की हैं। इस बीच तापमान बढ़ने के साथ ही जंगलों में आग की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है।

◆ पर्यावरण और पर्वतारोहण विशेषज्ञ आरुषी वी राणा ने अंटार्कटिका में राष्ट्रीय ध्वज फहराया है।

◆ आज चैत्र शुक्ल की नवमी है। प्रदेशभर में कन्या पूजन के साथ नवरात्रि की नवमी मनाई गई। माता के नौ रुपों में आज सिद्धिदात्री की पूजा करते हुए नवमी के दिन कन्याओं की पूजा की गई। वहीं, श्रीराम जन्मोत्सव को लेकर भी हरिद्वार, ऋषिकेश सहित कई क्षेत्रों में शोभा यात्रा का आयोजन किया गया।

◆ बागेश्वर में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं अभियान के अन्तर्गत 1 सौ 50 से अधिक बेटियों को जिला प्रशासन की ओर से निःशुल्क पुलिस भर्ती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि आज भू-स्थानिक उपकरणों व प्रौद्योगिकी का उपयोग करके भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और महामारियों का कुशल प्रबंधन किया जा रहा है। आज राष्ट्रीय सर्वेक्षण दिवस के अवसर पर देहरादून के सर्वे ऑफ इंडिया में राज्यपाल ने ये बात कही।

◆ समाज कल्याण एवं परिवहन मंत्री चन्दन राम दास और विधायक सुरेश गढिया ने आज बागेश्वर के जिला चिकित्सालय में डाइलिसिस यूनिट का शुभारम्भ किया। श्री दास ने कहा कि डाइलिसिस यूनिट के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को सुविधा होगी।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

◆ रविवार को कांग्रेस ने करन मेहरा को उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाने का एलान किया। इसके साथ ही विधानसभा में यशपाल आर्य को नेता प्रतिपक्ष बनाने की घोषणा की है।

◆ जिला सहकारी बैंकों में भर्ती में हुई गड़बड़ी मामले में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

◆ हल्द्वानी: डब्लूआईआई की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि इंसानों की जान लेने वाला केवल एक बाघ ही नहीं, बाघिन भी है। हल्द्वानी के बजूनिया हल्दू से लगे 100 मीटर के दायरे में तीन बाघ देखकर पहले ही सकते में चल रहे वन विभाग को अब चौथा बाघ दिखा है।