March 29, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़(24 मई, मंगलवार , ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष, नवमी , वि. सं. 2079)

Ten

◆ उत्तराखंडः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने आज देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय में 2022 के विधानसभा चुनाव में आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर आप के कई कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए।

◆ कुमाऊं रेजीमेंट रानीखेत के पर्वतारोही दल के 13 सदस्यों ने सुंदरढूंगा घाटी में 5800 मीटर ऊंची दुर्गाकोट चोटी को फतह कर लिया है। पहली बार सेना के दल ने इस चोटी पर चढ़ाई करने में सफलता हासिल की है।

◆ राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के प्रचार के लिए रथ को रवाना किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

◆ प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाको के साथ ही श्री केदारनाथ में आज बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के जिलों में तीव्र बौछार के साथ ही अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं 50 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा हवाएं चलने की संभावना जताई हैं।

◆ लोक निर्माण एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने आज देहरादून में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के तत्वाधान में आयोजित लोक निर्माण विभाग के दो दिवसीय एकादश महाधिवेशन में प्रतिभाग किया। कहा- अभियंताओं के बिना आधुनिक विश्व की संरचना की कल्पना करना भी मुश्किल है।

◆ प्रदेश में आज और कल दो अलग-अलग सडक दुर्घटनाओं में दो लोगों की मृत्यु हो गयी है। जिसमें से उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक वाहन के 2 सौ मीटर गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी है।

◆ आज शाम भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में कर्नल कोठियाल(पूर्व में आप के मुख्यमंत्री के उम्मीदवार) ने सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा ज्वाइन की।

◆ उत्तराखंड निबंधन विभाग भौगोलिक सूचना प्रक्रिया (जीआईएस) का सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा जिससे घर बैठकर ही आसानी से प्रदेश में कहीं भी मनपसंद की लोकेशन पर जमीन देख सकेंगे। एक क्लिक में जमीन के सर्कल रेट, स्टांप ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन फीस की भी जानकारी मिलेगी।

◆ पौड़ी गढ़वाल के सपलोड़ी गांव के समीप पिंजरे में कैद हुए एक गुलदार को आक्रोशित ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया। वन प्रभाग ऐसे संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करेगा।

◆ चारधाम के साथ ही श्री हेमकुंट साहिब में अबतक 9 लाख 33 हजार 568 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इस बीच आपदा प्रबंधन के अनुसार खराब स्वास्थ्य के चलते अब तक 63 यात्रियों की मृत्यु की खबर है।

◆ हरिद्वार में हर की पैड़ी पर गंगा आरती अब ऑनलाइन बुक की जा सकेगी। गंगा की मुख्य आरती 2,100 रुपए में बुक की जा सकती है। अगले कुछ दिनों में सभी व्यवस्थाएं ऑनलाइन कर दी जाएंगी।