उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (9 जून, गुरुवार, ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष, नवमी, वि. सं. 2079)

Ten

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टिहरी जनपद के पोखर, घनसाली में हुई सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं।

◆ कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने आज ‘एक कदम स्वच्छता की ओर अभियान’ के तहत देहरादून स्मार्ट सिटी की ओर से दिये गये सफाई वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ये वाहन पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त है।

◆ टिहरी जिले के घनसाली में आज एक सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मृत्यु हो गयी है और 3 घायल हैं। घायलों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलिखी में चल रहा है। दुर्घटना स्थल पर स्थानीय लोगों के साथ ही एसडीआरएफ और पुलिस की ओर से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

◆ अब तक 18 लाख 21 हजार से अधिक तीर्थयात्री चारधाम और हेमकुंट साहिब के दर्शन कर चुके हैं। जिसमें बदरीनाथ में 6 लाख 9 हजार, केदारनाथ 5 लाख 86 हजार, गंगोत्री में 3 लाख 24 हजार और यमुनोत्री में 2 लाख 44 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की।

◆ फूड सेफ्टी इंडेक्स में देश में उत्तराखंड ने टॉप सेवन में जगह बनाई है। देश में पहले नंबर पर तमिलनाडु, दूसरे पर गुजरात और तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र है।

◆ चंपावत उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने के बाद गंगा दशहरा पर पहली बार हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कनखल स्थित जगद्गुरु आश्रम में शारदा पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से आशीर्वाद लिया। सीएम ने करीब ढाई घंटे तक शंकराचार्य संग बिताया।

◆ हाईकोर्ट ने चारधाम यात्रा मार्गों पर अव्यवस्थाओं और केदारनाथ यात्रा के दौरान घोड़ों-खच्चरों की मौत के मामले में नाराजगी जताते हुए सुरक्षित यात्रा के लिए कमेटी बनाने के निर्देश दिए हैं।

◆ उत्तराखंड शौर्य अभियान समिति की ओर से कैबिनेट मंत्री धनसिंह रावत को उत्तराखंड शौर्य सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किये गये नवाचार प्रयोगों के लिये दिया गया।

◆ शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने आज देहरादून में उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित किया। इस वर्ष संस्कृत शिक्षा के अंतर्गत हाईस्कूल में 88 दशमलव एक सात प्रतिशत जबकि इंटरमीडिएट में 95 दशमलव छह पांच प्रतिशत परीक्षाफल रहा।

◆ आज गंगा दशहरा है। इस अवसर पर बढ़ी संख्या में देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने हरिद्वार में हर की पैड़ी घाट पर गंगा नदी में स्नान किया। सुरक्षा के दृष्टिगत शहर को चार सुपर जोन, 16 जोन और 37 सेक्टर में बांटा गया है।