UKSSSC ने जारी की सहायक अध्यापक (LT) विशेष शिक्षा शिक्षक भर्ती की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक LT (विशेष शिक्षा शिक्षक) के पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के बाद अब अभ्यर्थियों की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है।

इतने पदों पर भर्ती

जिसमें विशेष शिक्षा शिक्षक के कुल 128 रिक्त पदों पर भर्ती होनी है। इन पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 25 जनवरी, 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद 4 फरवरी को उत्तर-कुंजी जारी की गई थी, जिस पर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। विशेषज्ञों द्वारा निस्तारण के बाद अब संशोधित उत्तर-कुंजी के आधार पर यह रिजल्ट तैयार किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभिलेख सत्यापन के लिए रिक्त पदों के सापेक्ष 1.5 के अनुपात में अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। जिन अभ्यर्थियों का नाम इस मेरिट लिस्ट में आया है, उन्हें अब अपने दस्तावेज़ों की जांच करवानी होगी। आयोग ने सूचित किया है कि अभिलेख सत्यापन का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही वेबसाइट पर अलग से प्रकाशित किया जाएगा। अभ्यर्थी अपनी मेरिट लिस्ट देखने के लिए आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जा सकते हैं।