उत्तराखंड: उत्तराखंड के लोकदेवता गोलू देवता पर बनेगी फिल्म ‘बाला गोरिया’, बड़े पर्दे पर दिखेगी न्याय के देवता की गाथा

​उत्तराखंड: उत्तराखंड के प्रसिद्ध और आराध्य लोकदेवता गोलू देवता (गोल्ज्यू महाराज) की प्रेरणादायक कहानी जल्द ही बड़े पर्दे पर आएगी। जी हां कुमाऊं क्षेत्र में न्याय के देवता के रूप में पूजे जाने वाले गोलू देवता की लोकगाथा पर आधारित फिल्म ‘बाला गोरिया’ की चर्चा इन दिनों काफी तेज हो गई है।

नवंबर में हो सकती है रिलीज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गोलू देवता की मुख्य पहचान उत्तराखंड और विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र में है। शुरुआती रिपोर्ट्स में ‘बाला गोरिया’ को 16 अक्टूबर को रिलीज किए जाने की बात सामने आ रही थी। हालांकि, अब ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई को देखते हुए फिल्म की रिलीज योजना में बदलाव किए जाने की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि फिल्म अब नवंबर महीने में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। हालांकि, फिल्म निर्माताओं की ओर से इसकी नई रिलीज तारीख को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
​
जानें कौन हैं गोलू देवता

​गोलू देवता उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के अत्यंत लोकप्रिय और प्रमुख लोकदेवताओं में गिने जाते हैं। उन्हें ‘गोल्ज्यू महाराज’ और ‘न्याय के देवता’ के रूप में भी जाना जाता है। अल्मोड़ा का चितई गोलू देवता मंदिर, चंपावत और घोड़ाखाल स्थित उनके मंदिर श्रद्धालुओं के बीच गहरी आस्था का केंद्र हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, गोलू देवता के दरबार में लोग अपनी समस्याएं, व्यक्तिगत शिकायतें और न्याय की गुहार लिखकर चिट्ठियों के माध्यम से भेजते हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु मंदिर में घंटियां चढ़ाकर उनका आभार व्यक्त करते हैं।