उत्तराखंड: आज से शुरू होगा 4-साप्ताहिक ‘डिजिटल यूथ फेस्टिवल’ का आगाज, ‘फिट उत्तराखंड’ ऐप के जरिए प्रतिभाग कर सकेंगे युवा

उत्तराखंड: उत्तराखंड के युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा, फिटनेस और डिजिटल सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल (PRD) विभाग की ओर से आज से’डिजिटल यूथ फेस्टिवल’ आयोजित किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का आयोजन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य युवा महोत्सव के अंतर्गत आज 27 जुलाई से शुरू होने वाला यह ऑनलाइन आयोजन पूरे चार सप्ताह तक चलेगा, जिसमें प्रदेश भर के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपना हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस डिजिटल महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी व्यक्तिगत या टीम के रूप में प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सभी प्रतिभागियों को ‘फिट उत्तराखंड’ ऐप डाउनलोड कर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां (वीडियो, रील, फोटो आदि) अपलोड कर सकेंगे। प्रतियोगिता से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, लीडरबोर्ड और डिजिटल प्रमाण-पत्र भी ऐप पर ही उपलब्ध कराए जाएंगे। बताया कि प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन हर जिले में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा। समिति फिटनेस और सांस्कृतिक श्रेणी में अलग-अलग प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों का चयन करेगी।
​जनपद स्तर पर चयनित इन विजेताओं को ‘राज्य युवा महोत्सव’ के अवसर पर भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट प्रविष्टियों को विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी प्रदर्शित किया जाएगा।
दो मुख्य श्रेणियों में प्रतियोगिताएं
• ​फिटनेस चैलेंज: सूर्य नमस्कार, पुश-अप्स, स्क्वाट्स और स्किपिंग (रस्सी कूद) जैसे शारीरिक क्षमता परखने वाले टास्क शामिल होंगे।
• ​सांस्कृतिक एवं रचनात्मक स्पर्धाएं: उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, स्थानीय पहचान, पर्यटन और फोटोग्राफी जैसे विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि युवा अपने क्षेत्र की विशेषताओं को डिजिटल मंच पर प्रस्तुत कर सकें।