उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के देहरादून में एक खौफनाक घटना ने हर किसी को हिला कर रख दिया है। यहां शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र मच्छी बाजार में सिरफिरे ने सरेआम युवती के गले पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी।
युवती की निर्मम हत्या
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि खुड़बुड़ा की रहने वाली 22 वर्षीय गुंजन श्रीवास्तव उर्फ गुन्नु व आरोपित आकाश कुमार (27) दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। बताया कि आकाश मच्छी बाजार में जूतों की दुकान में काम करता था, जबकि गुंजन दूल्हा बाजार में कपड़ों की दुकान में काम करती थी। लेकिन आरोपित की शादी होने के बाद युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया। इसके बाद भी वह लगातार उसका पीछा करता रहा और धमकाने लगा। बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे युवती अपनी स्कूटी खड़ी करने के लिए रिश्तेदार के घर पहुंची तो इसकी भनक आकाश को लग गई। वह चापड़ लेकर पहुंचा और गुंजन से बहस करने लगा। जिसके बाद उसने युवती के गले पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी गिरफ्तार
इस घटना के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित आकाश कुमार निवासी मन्नूगंज को गिरफ्तार कर लिया और चापड़ भी बरामद कर लिया है।