उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे में हुई कथित हेराफेरी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर प्रकरण की निष्पक्ष जांच और व्यवस्था में सुधार के लिए शासन ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है।
तैयार होगी एसओपी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शासन ने गठित समिति को न केवल हेराफेरी की जांच करने के निर्देश दिए हैं, बल्कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुझाव देने को भी कहा है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि बैठक के बाद जांच को गति दी जाएगी। जल्द ही इस समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके बाद विधिवत जांच प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। साथ ही बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) इस समिति की रिपोर्ट और सुझावों के आधार पर दान-चढ़ावा गणना और अन्य प्रक्रियाओं के लिए एक नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने की तैयारी कर रही है। अभी तक मंदिर समिति पुरानी परंपराओं और ड्यूटी रोस्टर के आधार पर कामकाज संचालित करती आई है, लेकिन अब इसमें बड़े बदलाव की उम्मीद है।