उत्तराखंड: बड़ी पहल: प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों का शीघ्र होगा पुनर्निर्माण, जारी हुई इतने करोड़ की धनराशि, अल्मोड़ा जिले के स्कूल भी शामिल

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की शुरुआत के साथ प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों और परिसंपत्तियों के शीघ्र पुनर्निर्माण के लिए धनराशि जारी की हैं।

जारी की धनराशि

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिसमें विद्यालयी शिक्षा विभाग को राज्य मोचन निधि से स्वीकृत बजट में से प्रथम चरण में 20 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इस संबंध में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह की ओर से सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) को पत्र जारी किया है और निर्देशित किया है कि आवंटित धनराशि का उपयोग शीघ्र किया जाए और मार्च 2026 तक पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूरे कर उपयोगिता प्रमाण पत्र शिक्षा महानिदेशालय को उपलब्ध कराएं।

कराएं जाएंगे यह कार्य

रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार की ओर से स्वीकृत 30 करोड़ की कुल राशि में से 20 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी की गई है। जिसमें आपदा मदद के अंतर्गत टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपद को दो-दो करोड़ रुपये एवं देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग, चंपावत और बागेश्वर जिले को एक-एक करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस आवंटित बजट से आपदा में क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों, चारदीवारी, खेल मैदान, शौचालय एवं अन्य परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य कराया जाएगा।