उत्तराखंड: माउंट त्रिशूल में हिमस्खलन की चपेट में आए चार नौसेना पर्वतारोहियों के शव मिले

माउंट त्रिशूल पर पवर्तारोहण के दौरान शुक्रवार को हिमस्खलन की चपेट में आने से भारतीय नौसेना के पांच पर्वतारोही और एक पोर्टर लापता हो गए थे। जिसमें लापता हुए भारतीय नौसेना के पर्वतारोहियों के चार सदस्यों के शव घटनास्थल से बरामद हो गए हैं।

तीन अधिकारियों और एक नाविक का शव बरामद

त्रिशूल चोटी पर घटनास्थल से शनिवार को भारतीय नौसेना के तीन अधिकारियों और एक नाविक का शव बरामद कर लिया गया है। यह तलाशी अभियान हेलिकॉप्टर की मदद से चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक पांचवें पर्वतारोही नौसैनिक और एक शेरपा का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीय नौसेना ने जारी बयान में कहा है कि पांच लापता नौसेना पर्वतारोहियों में से चार लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव, लेफ्टिनेंट कमांडर योगेश तिवारी, लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती, हरिओम एमसीपीओ II के पार्थिव शरीर चमोली से बरामद किए गए।