उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के बहादुर बच्चों को अब राज्य स्तर पर भी वीरता पुरस्कार देने की तैयारी की जा रही है।
की जा रही यह तैयारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए राज्य बाल कल्याण परिषद ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। जिसे राजभवन से मंजूरी मिल सकती है। भारतीय बाल कल्याण परिषद की ओर से पूर्व में राज्य के इन बहादुर बच्चों को हर साल गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाता रहा है। लेकिन किन्हीं वजहों से पिछले कुछ वर्षों से इसके लिए भारतीय बाल कल्याण परिषद की ओर से आवेदन नहीं मांगे जा रहे हैं। यही वजह है कि अब इस तरह के बच्चों को राज्य स्तर पर पुरस्कृत किए जाने की तैयारी है। अब तक राज्य के 15 बाल वीरों को राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार मिल चुका है।
वीरता पुरस्कार
वीरता पुरस्कार, भारत सरकार की ओर से देश के वीर सैनिकों और बहादुर बच्चों को दिया जाने वाला सम्मान है। यह वीरता पुरस्कार उन बहादुर बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने अपनी जान को खतरे में डालकर दूसरों की जान बचाई हो। पुरस्कार के रूप में एक पदक, प्रमाण पत्र और नकद राशि दी जाती है। सभी बच्चों को विद्यालय की पढ़ाई पूरी करने तक वित्तीय सहायता भी दी जाती है।