उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां काशीपुर में सड़क हादसे में घायल कंपाउंडर की उपचार के दौरान मौत के मामले में आईटीआई पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जाने पूरा मामला-
आईटीआई थाना क्षेत्र के हेमपुर इस्माइल हिम्मतपुर वार्ड नंबर-6 निवासी गोपाल दास पुत्र रामचरन ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर सौंपी। कहा कि उसका पुत्र राजकमल मानपुर रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में कंपाउंडर के पद पर तैनात था। बीती 20 मार्च की शाम लगभग 7:40 बजे उसका पुत्र राजकमल गांव के ही दीपक की मोटरसाइकिल से लिफ्ट मांग कर ड्यूटी करने जा रहा था। जैसे ही वह आईटीआई थाने से आगे दानू टी स्टाल के पास पहुंचा। तभी वहां पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए दीपक की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। और स्कूटी लेकर फरार हो गया। स्कूटी की टक्कर से बाइक सवार दीपक व उसका पुत्र राजकमल सड़क पर गिर गए। हादसे में उसके पुत्र के सिर में गंभीर चोट आई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों की मदद से दीपक ने आनन-फानन में उसके पुत्र राजकमल को बाजपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तलाश में जुटी पुलिस-
जिसके बाद इस मामले में अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वही पुलिस उसकी तलाश कर रही है।