उत्तराखंड: चमोली टनल हादसा: खराब मौसम के बीच ग्राउंड जीरो पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश


चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के पिपरकोटी क्षेत्र स्थित मायापुर में बीते कल गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ। यहां टीएचडीसी (THDC) की निर्माणाधीन हाइड्रो टनल के अंदर अचानक मलबा और पानी घुसने से कई मजदूर फंस गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राहत और बचाव कार्य जारी है। अचानक आए मलबे और पानी में करीब 28 मजदूर फंसे। 18 बाहर निकाले गए, 7 की मौत हो गई और 3 अभी भी लापता हैं। अधिकारियों के मुताबिक, एचसीसी (HCC) कंपनी द्वारा बनाई जा रही इस टनल में यह हादसा शाम करीब 7:05 बजे हुआ। घटना के वक्त अंदर 18 से 19 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक पानी और मलबा भरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव टीमें ड्रोन और सेंसर्स की मदद से अंदर फंसे मजदूरों की तलाश कर रही हैं। प्रशासन के अनुसार, टनल में यह दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही हादसे के असल कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी।


​मुख्यमंत्री पंहुचे पीपलकोटी

​बेहद खराब मौसम के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीपलकोटी पहुंचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। साथ ही मौजूद प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित सभी संबंधित एजेंसियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे‌। इसके बाद मुख्यमंत्री रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जानेंगे।