उत्तराखंड: आज से चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ आज 19 अप्रैल 2026 से अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हो रहा है। आज यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने अपना ‘मास्टर प्लान’ तैयार किया है।
सुरक्षा के होंगे सख्त इंतजाम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार की यात्रा को पिछले अनुभवों के आधार पर अधिक डिजिटल और हाईटेक बनाया गया है। इस संबंध में आईजी गढ़वाल एवं यात्रा नोडल अधिकारी ने बताया कि पुलिस हर श्रद्धालु की सुरक्षित यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही पंजीकृत मोबाइल नंबरों और टावर लोकेशन के आधार पर यात्रियों को मौसम, आपदा और मार्ग की स्थिति के रियल-टाइम अपडेट भेजे जाएंगे। इसके अलावा सरदार पटेल भवन में 24 घंटे कार्य करने वाला ‘चारधाम कंट्रोल रूम’ स्थापित किया गया है। वहीं भीड़ नियंत्रण के लिए 22 ड्रोन कैमरों और वाहनों की निगरानी के लिए 32 एनपीआर कैमरों का इस्तेमाल होगा। इसके अलावा संपूर्ण मार्ग को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।सुरक्षा व्यवस्था में जनपद पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी के साथ-साथ 7,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसमें एसडीआरएफ, एटीएस और जल पुलिस की टीमें भी शामिल हैं।
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा 2026: सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 7000 पुलिसकर्मियों के साथ ड्रोन और AI कैमरों से होगी सख्त निगरानी