उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के पौराणिक और आध्यात्मिक महत्व के स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
की यह अपील
इसी क्रम में, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से बागेश्वर जिले में स्थित प्राचीन ‘कुकड़ा माई मंदिर’ की महिमा का बखान करते हुए पर्यटकों को यहां आने का निमंत्रण दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम धामी ने अपनी पोस्ट में कहा, “बागेश्वर में काफल, देवदार और चीड़ के घने वनों के बीच स्थित यह मंदिर आस्था, प्रकृति और आध्यात्मिक शांति का अद्भुत संगम है।” उन्होंने आगे कहा कि शांत एवं मनमोहक वातावरण के कारण यह स्थान न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए, बल्कि देशभर के पर्यटकों और ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए एक लोकप्रिय और रोमांचक गंतव्य है।
प्रकृति और आस्था का संगम है कुकड़ा माई
लगभग 1400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित कुकड़ा माई मंदिर कुमाऊं की सुरम्य वादियों में बसा है। लोक मान्यताओं के अनुसार, इस मंदिर के पीछे एक रोचक इतिहास है। कहा जाता है कि एक स्थानीय चरवाहे को स्वप्न में देवी कुकड़ा माई ने दर्शन दिए थे और उन्हें इस स्थान पर मंदिर निर्माण का निर्देश दिया था। चरवाहे द्वारा माता की आज्ञा का पालन कर मंदिर की स्थापना की गई, जिसके बाद से ही यह स्थान भक्तों की गहरी आस्था का केंद्र बना हुआ है।