उत्तराखंड: सीएम धामी ने श्रीनगर-देवप्रयाग हाईवे पर कार्यों का लिया जायजा, 1 नवंबर तक राज्य की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दिए निर्देश

​उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक (ट्रीटमेंट) कार्यों का औचक निरीक्षण किया। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

निर्माण कार्य का लिया जायजा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान मुख्यमंत्री ने कड़े तेवर दिखाते हुए अधिकारियों को आगामी 1 नवंबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए
गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के समापन के बाद देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री धामी ने देवप्रयाग से श्रीनगर मार्ग पर चल रहे हाईवे ट्रीटमेंट कार्यों की ऑन-साइट समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली और निर्माण कार्यों में जुटे श्रमिकों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान देवप्रयाग के पास स्थित एक सुलभ शौचालय में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने भारी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी। सीएम ने कहा, “देवप्रयाग एक प्रमुख तीर्थस्थल है जहाँ प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”

लापरवाही बर्दाश्त नहीं

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोहराया कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क सुधार व निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।