उत्तराखंड: उत्तराखंड के देहरादून शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए आपूर्ति विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
विभाग की कार्यवाही
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां सोमवार को प्रेमनगर क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दुकानों, ढाबों और रेस्टोरेंटों पर छापेमारी कर कुल 16 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जिसमें 14 घरेलू सिलेंडर और 2 छोटे सिलेंडर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से बरामद किए गए। अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) इस समय पूरी तरह सक्रिय है। विभाग का स्पष्ट संदेश है कि घरेलू गैस का कमर्शियल इस्तेमाल कानूनन अपराध है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और दोनों श्रेणियों में आपूर्ति को निरंतर बढ़ाया जा रहा है। जिले में सोमवार को 16,786 घरेलू व 1,193 व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति की गई।
शिकायतों पर लिया त्वरित एक्शन
वर्तमान में कंट्रोल रूम को प्राप्त 27 शिकायतों पर कार्रवाई गतिमान है। यदि किसी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति या इसके दुरुपयोग से संबंधित कोई भी समस्या है, तो वे निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
• हेल्पलाइन नंबर: 1077
• लैंडलाइन: 0135-2626066, 2726066
• व्हाट्सएप नंबर: 7534826066