उत्तराखंड: भक्तों का इंतजार खत्म: हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ खुले बाबा केदार के द्वार, दर्शन को उमड़ा भक्तों का जनसैलाब





​उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के दर्शन का इंतजार कर रहे लाखों श्रद्धालुओं का इंतजार आज खत्म हो गया है। बाबा केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह 8 बजे पूरे विधि-विधान के साथ खोल दिए गए है।


श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज 22 अप्रैल को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ केदारनाथ धाम के कपाट देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट खुलते ही पूरा केदारपुरी परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। इस पावन अवसर के साक्षी बनने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी गीता पुष्कर धामी के साथ केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।


यात्रा की शुरुआत और उत्साह


​कपाट खुलने के साथ ही अब श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारी बर्फबारी और ठंड के बावजूद भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस वर्ष चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और आज केदारनाथ के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की तीर्थयात्रा ने अपनी पूरी गति पकड़ ली है।